31 अक्टूबर से सरदार पटेल 150 यूनिटी का होगा आयोजन-योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में मीडिया प्रतिनिधियों से किया संवाद

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। मुख़्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में मीडिया प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। रविवार को
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ ही अखण्ड भारत के शिल्पी भी हैं। देश के अन्दर सैकड़ों रियासतों को भारत गणराज्य का हिस्सा बनाने और भारत को उसका वर्तमान स्वरूप देने के लिए उन्होंने दूरदर्शिता व सूझ-बूझ के साथ कार्य किया।
उस समय जूनागढ़ के नवाब और हैदराबाद के निजाम कुछ शासक अपनी मनमानी करना चाहते थे। लेकिन सरदार वल्लभ भाई पटेल के दृढ़ निश्चय के सामने इन शासकों को भारत छोड़ना पड़ा और यह दोनों रियासतें भी भारत का हिस्सा बनीं।
मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के 150वीं जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर से 26 नवम्बर तक आयोजित होने वाले सरदार 150 यूनिटी मार्च कार्यक्रम के सम्बन्ध में मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश वर्ष 2014 से लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की पावन जयन्ती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाता है। इस दिन रन फॉर यूनिटी के कार्यक्रम का आयोजन वर्ष 2014 से ही किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और नेतृत्व में गुजरात में सरदार सरोवर के पास दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी स्थापित की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्पूर्ण देश का योगदान प्राप्त करने के लिए वर्ष 2014 में गांव, गरीब, किसान व नौजवानों के माध्यम से लौह संग्रहण और मातृभूमि की मिट्टी का संग्रहण किया गया था। जिससे दुनिया की सबसे ऊँची प्रतिमा गुजरात में केवड़िया के पास स्थापित हुई।
यह स्थल अब भारत की एक नयी प्रेरणा स्थली तथा पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित हो चुका है। हमारे लिए सौभाग्य का विषय है कि देश स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयन्ती मना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्पूर्ण देश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अनेक प्रकार के कार्यक्रम निर्धारित किये गये हैं। इस श्रृंखला में विगत 6 अक्टूबर को केन्द्रीय खेल और युवा कल्याण विभाग मंत्रालय द्वारा युवाओं के लिए होने वाले विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के लिए एक पोर्टल जारी किया गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का आज शुभारम्भ किया जा रहा है।
इसके अन्तर्गत प्रदेश के प्रत्येक जनपद में 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विगत 11 वर्षों से अनवरत चल रहा है। इस बार सरदार पटेल जी की 150वीं जयन्ती वर्ष होने के कारण यह उत्साह और भी अधिक है। इस दौरान प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र व विधान सभा क्षेत्र में 8 से 10 किलोमीटर की एक पदयात्रा निकाली जाएगी।
पदयात्रा के कार्यक्रम में जनपद के दो प्रसिद्ध खिलाड़ियों व कलाकारों सहित 05 प्रतिनिधियों को 4 प्रमुख केन्द्रों में बस द्वारा करमसर, जो सरदार पटेल की पावन जन्मभूमि है, तक ले जाया जाएगा। यह प्रतिनिधि करमसर से केवड़िया स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी तक 150 किलोमीटर लम्बी पदयात्रा का हिस्सा बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करमसर से केवड़िया तक की पदयात्रा राष्ट्रीय पद यात्रा होगी। जिसमें देश भर के हजारों युवा इस पदयात्रा का हिस्सा बनेंगे। प्रदेश के प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में 8 से 10 किलोमीटर लम्बी तीन दिवसीय यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
यह पदयात्रा लोकसभा के सभी विधान सभा क्षेत्रों के होकर गुजरेगी। पद यात्रा से पहले स्थानीय स्तर पर आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
भारत की एकता और अखण्डता के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को ध्यान में रखते हुए निबन्ध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के साथ ही, ग्राम पंचायत, नगर निकाय, क्षेत्र पंचायत, विधान सभा व लोकसभा स्तर पर उनके जीवन पर आधारित संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए ‘नशा मुक्त भारत’ शपथ ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में स्वदेशी मेले व यूपी ट्रेड फेयर का आयोजन किया गया है। सरकार सम्पूर्ण प्रदेश में स्वदेशी के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है। स्थानीय हस्तशिल्पियों, कारीगरों व श्रमिकों की कला को सम्मान देने व उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा उत्पादों की ब्राण्डिंग, पैकेजिंग व टेक्नोलॉजी से जोड़ने के लिए पूरा सहयोग किया जा रहा है।
‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ के इस अभियान को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने के लिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आमजन को इस संकल्प के साथ जोड़ने के लिए इस दौरान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। योग और स्वास्थ्य से जुड़े हुए शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पद यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय कमेटियों द्वारा वहां के विभिन्न समाजसेवी व सांस्कृतिक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए श्रद्धांजलि के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आत्मनिर्भर भारत अर्थात अखण्ड भारत से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्पों को आगे बढ़ाया जाएगा। सरदार पटेल और राष्ट्रीयता से जुड़े हुए विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे नुक्कड़ नाटक आदि के कार्यक्रम होंगे और प्रतिभाग करने वालों को प्रमाण पत्र वितरण का कार्यक्रम विधानसभा स्तर व संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित होगा।
राज्य और केन्द्र शासित राज्यों के मंत्री व जनप्रतिनिधियों द्वारा ‘माई भारत’ और एनसीसी व एनएसएस के अधिकारियों के माध्यम से पूरे अभियान को सफल बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल जी की जयन्ती के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर से 26 नवम्बर के मध्य होने वाले कार्यक्रमों में 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की पावन जयन्ती तथा 26 नवम्बर को भारत के संविधान को अंगीकार करने के दिन तक एक वृहद अभियान चलेगा और इस अभियान में हमें अखण्ड भारत के शिल्पी सरदार पटेल को स्मरण करने व उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अभियान का उद्देश्य अखण्ड भारत के साथ ही आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना के साथ प्रत्येक नागरिक को जोड़ना है। सामाजिक विकृतियों व नशे के खिलाफ युवाओं के माध्यम से विशेष कैम्पेन तथा योग और स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए एक बड़ा कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से सम्पूर्ण देश को प्रधानमंत्री जी के वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने की संकल्पना के साथ जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखण्ड भारत से आत्मनिर्भर भारत तथा आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत बनेगा। विकसित भारत की इस आधारशिला को मजबूती प्रदान करने के लिए सभी लोग इस पूरे अभियान का हिस्सा बनेंगे। करमसर से लेकर केवड़िया तक की 150 किलोमीटर लम्बी पदयात्रा में देश भर से आए हुए युवाओं को आपस में मिलने और उस कार्यक्रम का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रदेश के अन्दर 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम हर जनपद स्तर पर होगा और बड़े पैमाने पर इस कार्यक्रम में समाज के हर तबके को जोड़ा जाएगा। संविधान दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम को और भी प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का काम होगा। अभियान के दौरान सरदार पटेल से लेकर के बाबा साहब तक भारत माता के महान सपूतों को स्मरण करने और उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधान परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह चौधरी, मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।