उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

रबीउल अव्वल जुलूस का व्यापार मण्डल ने किया स्वागत 

राजधानी में आपसी भाईचारे की दिखी झलक 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में आपसी भाईचारे की मिशाल देखने को मिली।

बुधवार को यहियागंज व्यापार मंडल द्वारा सिद्धनाथ मंदिर के सामने 12 रबीउल अव्वल के अवसर पर निकाले गए जुलूस का गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए स्वागत किया गया।

इस अवसर पर यहियागंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, संसदीय महामंत्री प्रशांत गर्ग युवा अध्यक्ष कुश मिश्र ने हजरत मौलाना अब्दुल अजीम फारुकी, अब्दुल बारी फारुकी, महमूद मदनी,

यासिर फारुकी, अरशद मदनी एवं रावे हसनी नदवी के साथ इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं ईदगाह के शाही इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली का माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

जुलूस में शामिल लोगों को व्यापार मंडल की ओर से बिस्किट, फ्रूटी एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। वहीं अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा

“लखनऊ की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे से है। यहियागंज बाजार में सदैव सभी धर्मों और सभी वर्गों के व्यापारी आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मिल जुलकर व्यापार करते हैं। यहां व्यापारी एक दूसरे के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं।

होली, दीपावली, ईद, बकरीद सहित सभी प्रमुख त्योहारों पर व्यापारी भाई एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करते हैं और आपसी सहयोग एवं सद्भाव का परिचय देते हैं।

इसी भाईचारे और आपसी विश्वास का परिणाम है कि आज भी लगभग 3 किलोमीटर में फैला यहियागंज बाजार एक माला में पिरोए हुए मोतियों की तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि

12वीं रबीउल अव्वल के जुलूस का स्वागत भी इसी भाईचारे और सौहार्द की हमारी पुरानी परंपरा का हिस्सा है। धर्म अलग हो सकते हैं। इंसानियत, प्रेम और भाईचारा हम सभी को जोड़ता है। यहियागंज की यही गंगा-जमुनी तहजीब हमारी सबसे बड़ी ताकत और पहचान है।

युवा अध्यक्ष कुश मिश्र ने कहा

“आज के युवाओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि वे समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलाएं। धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत और देश के प्रति हमारी भावना एक है। हम चाहते हैं कि लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मिसाल बनी रहे।

संसदीय महामंत्री प्रशांत गर्ग ने कहा “लखनऊ की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे, प्रेम और गंगा-जमुनी तहजीब से रही है। 12 रबीउल अव्वल के जुलूस का स्वागत कर यहियागंज व्यापार मंडल ने सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया है।

सभी धर्मों के पर्व और धार्मिक आयोजनों का सम्मान करना हमारी साझा संस्कृति का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि समाज में किसी भी प्रकार की नफरत और भेदभाव के लिए स्थान न हो तथा व्यापारी और नागरिक मिलकर आपसी भाईचारे को और मजबूत करें।

इस अवसर पर मुख्य रूप से अमरनाथ मिश्र, , कुश मिश्र, प्रशांत गर्ग, कामरान, आमिर बाबू सहित बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button