युद्ध नहीं वरन बुद्ध के शांति के संदेश की आवश्यकता – ब्रजेश पाठक
डाॅ आंबेडकर महासभा ट्रस्ट की प्रेसवार्ता, रखे विचार

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। भारत भूमि से दुनिया में बुद्ध के शान्ति का संदेश का प्रसार हुआ। दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध के शांति के संदेश की आवश्यकता है।
यह बातें मंगलवार को डाॅ. आंबेडकर महासभा ट्रस्ट द्वारा आयोजित उद्यान भवन के सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बतौर मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही।
उन्होंने कहा कि ‘‘विश्व युद्ध के खतरे और बुद्ध की प्रासंगिकता’’ विषय पर मुख्य अतिथि के रूप में सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। श्री पाठक ने सनातन धर्म के वसुधैव कुटुम्बकम का जिक्र करते हुए कहा कि हम भारत के लोग सनातन परम्परा में विश्वास रखते हैं।
जिसमें पशु, पक्षी, प्रकृति सभी में ईश्वर का वास है, यह मानते है। हमारे यहां महिलाएं विभिन्न पर्वो एवं त्योहारों पर पीपल और बरगद के वृक्ष पर धागा बांधती है, उनकी रक्षा की कामना करती है मगर आज दुनिया में जो घटित हो रहा है, वह बहुत चिन्ताजनक है।
उन्होने कहा कि पूरी मानवता की रक्षा के लिए भारत को नेतृत्व करना होगा क्योकि भारत भूमि से दुनिया में बुद्ध के शान्ति का संदेश का प्रसार हुआ। इसी क्रम में पूर्व राज्यमंत्री एवं सदस्य विधान परिषद डाॅ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि आज दुनिया विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ी हुयी है।
मुख्य खतरे रूस युक्रेन युद्ध, मध्यपूर्व में इजराइल-इरान संघर्ष, चीन ताईवान तनाव, खाड़ी देशों में युद्ध की शुरूआत से वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा सकता है। डाॅ निर्मल ने कहा कि न्यू स्टार्ट संधि समाप्त हो जाने से अमेरिका रूस के बीच हथियारों की होड बढ़ गयी है।
चीन-रूस और अमेरिका परमाणु स्टाक बढ़ा रहे है और सीमित परमाणु युद्ध की बाते शुरू हो चुकी है। डाॅ. निर्मल ने कहा विश्व युद्ध अगर भड़का तो पिछली बार से कही ज्यादा विनाशकारी होगा और दुनिया की बड़ी आबादी और जलवायु, पशुपक्षी संकट ग्रस्त होंगे।
उन्होंने कहा कि वैश्विक सप्लाई चेन टूटेगी, तेल की कीमतें आसमान छूयेंगी, मुद्रा स्फीति बढ़ेगी, शेयर बाजार क्रैश होगे। इसलिए ऐसी विषम स्थिति में भारत को बड़ी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बुद्ध के शान्ति के संदेश से ही युद्ध पर विराम लगाया जा सकता है।
भगवान बुद्ध ने अपने संदेश में कहा था कि वैर से वैर शान्ति नहीं होता, वरन अबैर और मैत्री से ही शान्ति सम्भव है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के लाडले है और उन्हें पूरा विश्व अपना नेता मानता है। इसलिए प्रधानमंत्री के युद्ध नहीं बुद्ध के संदेश प्रसारित करने का संकल्प लेना जरूरी है।
इस मौके पर डाॅ.आंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू, मध्य प्रदेश के पूर्व कुलपति डाॅ आरएस कुरील, सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री, वरिष्ठ पत्रकार संतोष वाल्मिकी, लोकपाल लखनऊ आरआर जैसवार तथा डिक्की उप्र के प्रदेश अध्यक्ष मनीष वर्मा, रामचन्द्र पटेल ने भी अपने – विचार साझा किये।
वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता डाॅ आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष डाॅ लालजी प्रसाद निर्मल तथा संचालन प्रमोद कुमार ने की ।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी अमरनाथ प्रजापति, रामचन्द्र पटेल, डाॅ सत्या दोहरे, आरडी राकेश, आईडी यादव, पीएल भारती, करूणा शंकर त्रिपाठी, राघवेन्द्र सिंह, देवमणि सरोज, दिनेश चन्द्र, विजय बाजपेयी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



