मोटापा से निजात दिलाने को किया जागरूक
डॉक्टरों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। मोटापा से निजात दिलाने के लिए जागरूक किया गया। सोमवार को
विश्व मोटापा दिवस के अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग, राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के अंतर्गत ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) जुग्गौर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में बढ़ती मोटापे की समस्या तथा उससे जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। यह जागरूकता कार्यक्रम संस्थान निदेशक डॉ. सीएम सिंह के निर्देशानुसार किया गया।
इस अवसर पर प्रो. अरविंद कुमार सिंह, संस्थान चिकित्सा अधीक्षक एवं कम्युनिटी मेडिसिन विभाग से डॉ. सुमीत दीक्षित, डॉ. विनीता शुक्ला, डॉ. अनामिका चंद्रा, डॉ. अर्शी अंसारी तथा डॉ. शिखर भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष , डॉ. एसडी कंडपाल ने एनएफएचएस-5 के आंकड़ों के अनुसार भारत में मोटापे की प्रचलनता के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत में महिलाओं में मोटापे की प्रचलनता लगभग 24% तथा पुरुषों में लगभग 22.9% है। उन्होंने मोटापे की रोकथाम के उपायों के बारे में भी जानकारी देते हुए संतुलित आहार लेना, नियमित शारीरिक गतिविधि करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में बताया।
डॉ. मृदु, एडिशनल प्रोफेसर, मेडिसिन विभाग द्वारा मोटापे की रोकथाम के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने विषय पर एक व्याख्यान भी दिया गया। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, स्क्रीन टाइम में कमी तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के महत्व पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर इंटर्न्स, जूनियर रेजिडेंट्स एवं मेडिकल सोशल वर्कर द्वारा एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक के माध्यम से आमजन को मोटापे के विभिन्न पहलुओं के बारे में सरल और रोचक तरीके से जानकारी दी गई।
नाटक में विशेष रूप से महिलाओं में पीसीओडी की समस्या, बच्चों में बढ़ता मोटापा, अस्वस्थ खान-पान की आदतें, मोटापे के प्रमुख कारण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार का महत्व, नियमित शारीरिक व्यायाम की भूमिका तथा मोटापे की रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला गया।
साथ ही मोटापे से होने वाली संभावित जटिलताओं जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा हृदय रोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. पीयूष करीवाला के मार्गदर्शन में विभाग के फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट्स, इंटर्न्स, मेडिकल सोशल वर्कर एवं अन्य स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय समुदाय को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया गया।


