उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान शुरू

97 लाख बच्चों का टीकाकरण करने का लिया लक्ष्य 

 

 

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। खसरा एवं रूबेला उन्मूलन के लिए टीकाकरण की शुरुआत की गयी। रविवार को

प्रदेश के 45 जनपदों में 27 फरवरी तक विशेष खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान संचालित किया जायेगा । इस अभियान के अंतर्गत 5 से 10 वर्ष तक के सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन की अतिरिक्त डोज दी जाएगी।

अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित कुमार घोष ने बताया कि प्रदेश सरकार खसरा एवं रूबेला उन्मूलन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

45 जनपदों में संचालित इस अभियान का उद्देश्य 5 से 10 वर्ष तक के सभी पात्र बच्चों को वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक देकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों को सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों से सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

उन्होंने सामुदायिक प्रभावशाली व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक नेताओं, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। जिला एवं राज्य स्तर के अधिकारी नियमित रूप से सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करेंगे।

जिससे अभियान की गुणवत्ता एवं प्रगति की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। विशेष रूप से टीकाकरण को लेकर हिचकिचाहट वाले परिवारों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें जागरूक कर टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को विद्यालय में उपस्थित कराकर एमआर वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि खसरा एवं रूबेला जैसे संक्रामक रोगों से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके। वहीं

महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. हरी दास अग्रवाल ने बताया कि अभियान के तहत लगभग 97 लाख बच्चों को आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान जनपदों के सरकारी एवं सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों जैसे प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं मदरसों में कक्षा 1 से 5 तक अध्ययनरत बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।

राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए वैक्सीन, ऑटो-डिसेबल सिरिंज, AEFI किट सहित आवश्यक लॉजिस्टिक्स की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी स्कूल सत्रों का नियोजन एवं दैनिक रिपोर्टिंग यू-विन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

👉 45 जनपद एमआर टीकाकरण अभियान में शामिल..

आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस,ललितपुर, जालौन, एटा, मथुरा, अलीगढ़,झाँसी, गौतमबुद्ध नगर, प्रयागराज, जौनपुर, बिजनौर, कासगंज, बलिया, खीरी, महोबा, वाराणसी, पीलीभीत, गाजियाबाद, अयोध्या, बांदा, इटावा, औरैया,

मैनपुरी, बदायूं , शाहजहाँपुर, सोनभद्र, कानपूर नगर, मिर्ज़ापुर, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, मऊ, संभल, अम्बेडकर नगर, सीतापुर, आजमगढ़, बहराइच, गोरखपुर, सहारनपुर, चित्रकूट, देवरिया, कुशी नगर एवं कन्नौज में टीकाकरण अभियान चलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button