श्रमिक परिवारों के बच्चों ने देखी अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया, जागा आत्मविश्वास
विद्यार्थियों का कराया इसरो श्रीहरिकोटा भ्रमण

लखनऊ।भारत प्रकाश न्यूज़। श्रमिकों के बच्चों को आत्मविश्वास जगाया गया। सोमवार को
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और राष्ट्रीय उपलब्धियों से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा (SHAR) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
यह भ्रमण श्रमिक परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, आत्मविश्वास और सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
इस शैक्षणिक भ्रमण में प्रदेश के सभी 18 अटल आवासीय विद्यालयों से चयनित कुल 36 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें प्रत्येक विद्यालय से एक बालक एवं एक बालिका शामिल रहे। अधिकांश विद्यार्थियों के लिए यह पहली हवाई यात्रा थी, जिसने उनके अनुभव को और भी अविस्मरणीय बना दिया।
प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, अनुशासन एवं विज्ञान में अभिरुचि के आधार पर किया गया था।
विमान यात्रा के माध्यम से श्रीहरिकोटा पहुँचने पर विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मगौरव और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। यह यात्रा केवल शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए सपनों को नई दिशा देने वाली रही।
पूरे दिन चले इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने इसरो के प्रमुख तकनीकी एवं संचालन केंद्रों का अवलोकन किया। इनमें लॉन्च पैड-1, लॉन्च पैड-2, मिशन कंट्रोल सेंटर तथा सैटेलाइट एवं रॉकेट असेंबली क्षेत्र शामिल रहे।
इसरो के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को रॉकेट प्रक्षेपण की प्रक्रिया, सैटेलाइट नियंत्रण, डेटा विश्लेषण और मिशन संचालन की बारीकियों को सरल भाषा में समझाया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और वैज्ञानिकों से संवाद किया, जिससे उनकी जिज्ञासा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को नया आयाम मिला।
भ्रमण के उपरांत इसरो (SHAR) के निदेशक पद्मकुमार द्वारा विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ. एमके शनमूगा सुंदरम, सचिव पूजा यादव (उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड) भी उपस्थित रहीं।
निदेशक महोदय ने विद्यार्थियों को इसरो की कार्यप्रणाली, वर्तमान एवं भावी अंतरिक्ष परियोजनाओं, गगनयान मिशन तथा भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विज्ञान एवं गणित में रुचि, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के माध्यम से भविष्य में इसरो से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अटल आवासीय विद्यालय का मॉडल इसरो निदेशक को भेंट किया गया, जबकि इसरो की ओर से गगनयान मिशन का लघु मॉडल स्मृति स्वरूप प्रदान किया गया।
अटल आवासीय विद्यालय योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य निर्माण श्रमिक एवं निराश्रित परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवास, मार्गदर्शन और राष्ट्रीय स्तर के अवसर उपलब्ध कराना है।
यह भ्रमण इस बात का सशक्त उदाहरण है कि सरकार किस प्रकार श्रमिक परिवारों के बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का अवसर दे रही है।
भ्रमण से लौटने के बाद विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कहा कि उन्होंने पहली बार रॉकेट, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष विज्ञान को इतने करीब से देखा और अब वे भी वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
यह शैक्षणिक भ्रमण केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों के बच्चों के जीवन में एक नई शुरुआत और उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम है।



